बरेली. उत्तर प्रदेश के बरेली में एक मुस्लिम युवती को हिंदू युवक से प्यार हो गया. दोनों शादी के बंधन में बंधना चाहते थे. इसके लिए प्रेमिका सुमरीन ने अपना नाम बदलकर सुमन रख लिया और अपने प्रेमी के साथ सात फेरे ले लिए. इस विवाह की चर्चा पूरे क्षेत्र में है.
पूरा मामला बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र का है. गांव कुआडांडा निवासी समरीन ने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम सुमन यादव रख लिया. इसके बाद उन्होंने इज्जत नगर के गांव बरकापुर निवासी मित्रपाल यादव से शादी कर ली. मित्रपाल प्राइवेट नौकरी करते हैं.
समरीन ने बताया कि करीब पांच महीने पहले दोनों की मुलाकात हुई थी और तभी से वह संपर्क में हैं. पहले दोनों की दोस्ती हुई. बातचीत के दौरान दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया. समरीन ने मित्रपाल से शादी करने के लिए कहा. इस पर वह भी तैयार हो गए.
इस पर वह घर परिवार छोड़कर अपने प्रेमी मित्रपाल के पास पहुंच गईं. सोमवार रात अगस्त्य मुनि आश्रम में आचार्य केके शंखधार ने इन दोनों का विवाह संपन्न कराया. समरीन ने कहा कि हिंदू धर्म में उनकी आस्था है. इसलिए उन्होंने अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन किया. इसमें किसी का दबाव या जोर जबरदस्ती नहीं है.