बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले के भाटापारा शहर में चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 मार्च की रातलगभग 10.45 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भाटापारा के सामने कुछ युवकों ने गणेश झंझोटे का रास्ता रोक लिया।
पुरानी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे गणेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल को इलाज के लिए जीवन मल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा शहर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल चार आरोपियों की पहचान कर ली है। इनमें से एक आरोपी मनीष ध्रुव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य 3 आरोपियों की तलाश जारी है।
इस मामले में प्राची करण राठौर उर्फ बिट्टू निवासी भाटापारा की रिपोर्ट पर भाटापारा शहर में अपराध क्रमांक 93/2026 दर्ज किया गया है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 103(1), 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच और विवेचना जारी है तथा फरार 3 आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय है। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी।