मंत्री देवांगन की पहल रंग लाई, कोरबा के 31 विकास कार्यों को मिली 5.44 करोड़ की मंजूरी

रायपुर । प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन के प्रयासों से कोरबा नगर में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति मिली है। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 31 विकास कार्यों के लिए 5.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

स्वीकृत कार्यों में विभिन्न वार्डों में सीसी रोड, आरसीसी नाली, नाला, कलवर्ट सहित अन्य अधोसंरचना संबंधी कार्य शामिल हैं। इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही बारिश के दौरान जलभराव और जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

मंत्री लखन लाल देवांगन द्वारा कोरबा शहर के बड़े विकास कार्यों के साथ-साथ वार्डों और मोहल्लों की स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सड़क, नाली एवं अन्य अधोसंरचना कार्यों के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में डीएमएफ मद से 31 कार्यों के लिए 5.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति आदेश जारी किया गया है।

इनमें वार्ड क्रमांक 5 में लवली केयर स्कूल से काली मंदिर चौक तक नाला निर्माण, वार्ड 11 के संजय नगर में सीसी रोड एवं ढक्कन नाली, वार्ड 8 मोती सागर पारा में सीसी रोड एवं नाली, वार्ड 9 में वायरलेस ऑफिस क्षेत्र में नाली निर्माण, वार्ड 15 में झरनापारा से उप स्वास्थ्य केंद्र तक सीसी रोड तथा वार्ड 18 कोहड़िया में सीसी रोड एवं नाली निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा वार्ड 16 पंप हाउस, वार्ड 17 ढोढ़ीपारा, वार्ड 53 गोपालपुर, वार्ड 54, वार्ड 65 भेरोताल प्रेम नगर, वार्ड 67 बलगी, वार्ड 42 एवं 43 बालको, वार्ड 47 रुमगड़ा, वार्ड 39 और 40 बालको, वार्ड 36 रामपुर, वार्ड 20 पत्थर्रीपारा, वार्ड 24 खपराभठा, वार्ड 35 खरमोरा तथा वार्ड 64 इमली छापर सहित विभिन्न क्षेत्रों में सड़क और नाली निर्माण के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी कोरबा नगर निगम क्षेत्र में अधोसंरचना से जुड़े 100 कार्यों के लिए 25.95 करोड़ रुपये, पेयजल से संबंधित 15 कार्यों के लिए 7.52 करोड़ रुपये और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 1.79 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।

मंत्री देवांगन ने नगर निगम के अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं, ताकि नागरिकों को विकास कार्यों का लाभ जल्द मिल सके। इन स्वीकृतियों से कोरबा के विभिन्न वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *