एक ही दिन में साढ़े तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ा न्यूनतम तापमान

दुर्ग। पिछले दो दिन से मौसम बदला हुआ है। आसमान पर बादल छाए रहने की वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है।
सोमवार को एक ही दिन में रात के न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। रात में ठंड का अहसास कम होने लगा है वहीं सुबह धुंध भी देखने को मिल रही है।
जिले में आठ दिन पहले कड़ाके की सर्दी पड़ रही थी। शीतलहर के चलते लोग ठंड से परेशान हो गया थे। लोगों को ठंड से राहत देने प्रशासन द्वारा नगरीय निकाय क्षेत्र के चौक चौराहों पर अलाव जलवाया गया था और गरीबों में कंबल भी बांटे गए थे। लेकिन पिछले कुछ दिनों से ठंड का अहसास धीरे-धीरे कम होने लगा है।
रविवार से मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। रविवार के बाद सोमवार सुबह भी दिन की शुरूआत आसमान पर छाए बादलों के साथ हुई। सोमवार को दुर्ग का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। वहीं अधिकतम तापमान में एक दिन में .4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। दोनों तापमान में वृद्धि होने के साथ ही ठंड का अहसास कम होने लगा है। खासकर लोग रात के समय ठंड से अधिक परेशान था।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी आसमान पर बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बादल और बारिश का असर भी तापमान पर पड़ने की आशंका जताई गई है।

दलहन फसलों को नुकसान
मौसम में बदलाव के बीच आसमान पर बादल छाने की वजह से दलहन फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। रवि में किसानों ने चना,मक्का,उड़द सहित अन्य फसलें लगाई गई है। बादल छाए होने की वजह से इन फसलों में कीट व्याधि का प्रकोप लग सकता है। मौसम से सब्जी फसल को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *