मौसम विभाग ने दिया अपडेट, इन राज्यों में 25 जून तक बारिश होने की संभावना

दिल्ली। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों तक हुई बारिश के बाद एक बार मौसम के बदलने की संभावना है. मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में आज आसमान साफ रहेगा. वहीं, तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज, 24 जून 2022 को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 39 डिग्री रह सकता है. हालांकि, मौसम विभाग ने मॉनसून को लेकर दिल्लीवालों के लिए राहत की खबर दी है. संभावना जताई जा रही है कि 27 जून के आसपास मॉनसून राजधानी में दस्तक दे सकता है, जिसके बाद कई दिनों तक तेज बारिश होगी. ऐसे में अब सिर्फ चार दिनों का इंतजार और है.

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. वहीं, गाजियाबाद में आज न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 40 डिग्री रह सकता है. देश के कई राज्यों में मॉनसून की दस्तक हो गई है तो कई राज्यों को मॉनसून का इंतजार है. इन सबके बीच, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में बारिश की संभावना है.

मध्य प्रदेश के भोपाल में आज न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 37 डिग्री रह सकता है. आज भोपाल में गरज के साथ बारिश के भी आसार हैं. गुजरात के अहमदाबाद में आज न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहेगा.अहमदाबाद में आज बादल छाए रहेंगे और साथ ही हल्की बारिश हो सकती है. बिहार के कई इलाकों में मॉनसून की एंट्री हो चुकी है. इसकी वजह से बिहार के कई इलाकों के बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं. बारिश के चलते बिहार के कई इलाकों में तापमान में कमी दर्ज की गई है.

मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अगले पांच दिनों के दौरान पश्चिमी तट पर तेज बारिश जारी रहने की संभावना है. वहीं, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाकों में 25 जून तक हल्की बारिश होने की संभावना है.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *