नई दिल्ली: नानाजी देशमुख की जयंती पर आज पूरे देश में श्रद्धांजलि दी जा रही है। नानाजी का जीवन संकल्प, सेवा और समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों के लिए हमेशा खड़ा होना सीखा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए।
इस विशेष अवसर पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई प्रमुख नेताओं ने नानाजी को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “देशवासियों की ओर से भारत रत्न नानाजी देशमुख को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। देश के ग्रामीणों विशेषकर वंचित समाज के सशक्तिकरण के लिए उनके समर्पण और सेवा भाव को हमेशा याद किया जाएगा।”
अमित शाह ने एक्स पर लिखा, “असंख्य कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत और महान संगठनकर्ता नानाजी देशमुख जी ने जनसंघ के माध्यम से न केवल राष्ट्र प्रथम की भावना को सशक्त किया, बल्कि युवाओं को देश हित के कार्यों से जुड़ने और चरित्र निर्माण के लिए प्रेरित भी किया। लोक व्यवहार की गहरी समझ रखने वाले नानाजी देशमुख जी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विस्तार में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। त्याग और समर्पण के प्रतीक, भारतरत्न नानाजी देशमुख जी को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन।”