सूरत में बड़ा हादसा, केमिकल टैंकर से गैस लीक, 6 मजदूरों की मौत

अहमदाबाद: गुजरात के सूरत में आज तड़के एक बड़ा हादसा हुआ है. यहां विश्व प्रेम डाइंग एंड प्रिंटिंग मिल के 6 कर्मचारियों की दम घुटने की वजह से मौत हो गई है. दरअसल, यहां सचिन इलाके में स्थित विश्व प्रेम डाइंग एंड प्रिंटिंग मिल के पास टैंकर से गैस का रिसाव होने के कारण मिल के 6 मजदूरों की दम घुटने से जान चली गई है. जबकि 25 से अधिक लोग गंभीर हालत में हैं.

जानकारी मिली है कि एक अज्ञात ट्रक ड्राइवर नाले में जहरीला केमिकल डाल रहा था, इसी दौरान अचानक गैस लीक हुई. ये ट्रक ड्राइवर कौन था और वह ऐसा क्यों कर रहा था और कौन सी कंपनी से था, पुलिस ये सब जानकारी इकठ्ठा कर रही है. बता दें कि गैस की चपेट में आकर अस्पताल में एडमिट पूरे 25 लोगों में से 5 की हालत नाजुक है और उन्हें ICU में भर्ती किया गया है. यह पूरा इलाका इंडस्ट्रियल है. नाले में इस प्रकार किसी कंपनी का रसायन डालना पूरी तरह गैरकानूनी है. ऐसे में सवाल यह है कि ऐसा किस वजह से किया गया. जानकारी के अनुसार, इस हादसे की चपेट में आए लोग काम करके प्रतिदिन मिल के अंदर ही सो जाते हैं. पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है और जल्द ही इसपर बयान जारी कर सकती है.

हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मचा हुआ है.  प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दम घुटने से 6 लोगों की जान चली गई है. बता दें कि इससे पहले गुजरात के अहमदाबाद में कपड़े की फैक्ट्री में केमिकल वेस्ट टैंक की सफाई के दौरान चार मजदूरों की जान चली गई थी. यह दुर्घटना अहमदाबाद के ढोलका स्थित चिरिपाल ग्रुप की विशाल फैब्रिक यूनिट में हुई थी. हालांकि ,उस हादसे में गैस लीक का पता नहीं चल पाया था.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *