एलआईसी के 70 साल पूरे, भाटापारा में मेगा मीट का आयोजन; उत्कृष्ट अभिकर्ताओं का हुआ सम्मान

तिल्दा-नेवरा/भाटापारा। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने 1 सितंबर 2026 को अपने गौरवशाली 70 वर्ष पूरे कर लिए। इस अवसर पर मुख्य शाखा भाटापारा में स्थापना दिवस और बीमा सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 3 सितंबर 2026, गुरुवार को भाटापारा शाखा, सैटेलाइट शाखा बलौदाबाजार और सैटेलाइट शाखा तिल्दा के अभिकर्ताओं एवं बीमा सखियों का मेगा मीट आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बिलासपुर मंडल के प्रबंधक विपणन पी.एस. तंतरपाले की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान शाखा प्रबंधक भाटापारा उमाकांत शर्मा, सहायक शाखा प्रबंधक हेमंत भीमगे, बीमा सखी राजेश साहू, लीडर जितेन्द्र सिंह राजपूत, सत्येंद्र कुमार साहू, राम कुमार साहू, विकास अधिकारी महेन्द्र सिंह राजपुरोहित और ज्ञानेश्वर देवांगन सहित बड़ी संख्या में अभिकर्ता एवं बीमा सखी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने एलआईसी के गौरवशाली सफर और बीमा क्षेत्र में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि पिछले 69 वर्षों से एलआईसी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अभिकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद एलआईसी भारतीय जीवन बीमा क्षेत्र में अपनी मजबूत बाजार हिस्सेदारी के साथ मार्केट लीडर बनी हुई है।

5 करोड़ की पूंजी से शुरू हुआ सफर

प्रबंधक विपणन पी.एस. तंतरपाले ने बताया कि एलआईसी की शुरुआत वर्ष 1956 में 5 करोड़ रुपये की पूंजी के साथ हुई थी। 1 सितंबर 1956 को 168 कार्यालयों से कारोबार शुरू करने वाली एलआईसी का नेटवर्क आज देशभर में हजारों शाखाओं तक पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में निगम के साथ बड़ी संख्या में अभिकर्ता जुड़े हुए हैं, जो बीमा सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने भाटापारा शाखा के स्थापना दिवस के अवसर पर सभी अभिकर्ताओं से अधिक से अधिक पॉलिसी कराकर शाखा को नई उपलब्धियां हासिल कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से भाटापारा शाखा अपने इतिहास में नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती है।

प्रतियोगिताओं में विजेता अभिकर्ताओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान जोनल, डिविजन एवं शाखा स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उपलब्धि हासिल करने वाले अभिकर्ताओं और बीमा सखियों को सम्मानित किया गया। विजेताओं को प्रबंधक विपणन पी.एस. तंतरपाले के हाथों सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में अभिकर्ताओं ने अपने अनुभव भी साझा किए और एलआईसी की सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान एलआईसी की 70 वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य में नए कीर्तिमान स्थापित करने पर भी चर्चा की गई।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *