काम से वापस घर लौट रहे मजदूर की सड़क हादसे में मौत

भिलाई। काम से वापस अपने घर लौट रहे एक मजदूर की सड़क हादसे में मौत हो गई। उक्त घटना शुक्रवार की सुबह दुर्ग-राजनांदगांव बायपास रोड पर हुई। मोहन नगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। अभी तक आरोपित वाहन चालक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

दुर्ग-राजनांदगांव बायपास पर शुक्रवार की सुबह हुई घटना
पुलिस के मुताबिक ग्राम चिखली निवासी रमिट साहू (47) रसमड़ा की एक कंपनी में काम करता था। रात की पाली की ड्यूटी खत्म कर वो सुबह साइकिल से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में दुर्ग-राजनांदगांव बायपास पर बाफना टोल प्लाजा के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे पीछे से अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर डायल 112 की टीम ने शव को जिला अस्पताल के चीरघर में भिजवाया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बायपास पर आए दिन होते रहते हैं हादसे

दुर्ग-राजनांदगांव बायपास पर आए दिन इस तरह के हादसे होते रहते हैं। इसके पहले भी तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से कुछ लोगों की मौत हो चुकी है। खासकर टोल प्लाजा के दोनों ओर आने-जाने वाले मार्ग पर रास्ते के संकरा होने के कारण कई बार हादसे होते हैं। वहीं तेज रफ्तार वाहनों के चलते अधिकांश दो पहिया सवार इसका शिकार होते हैं। अभी कुछ दिन पहले एक कार के पलटने से भी कुछ लोगों की मौत हुई थी। हालांकि बायपास पर यातायात पुलिस की हाइवे पेट्रोलिंग भी सक्रिय रहती है। लेकिन, ये आपात स्थिति में घायलों को मदद पहुंचाने तक ही सीमित है। पूरे रास्ते पर कोई ब्रेकर या ट्रैफिक सिग्नल न होने के कारण हादसों पर लगाम लगा पाना संभव नहीं हो पा रहा है।
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *