2 साल से अपनी ही 13 वर्षीय बच्ची की अस्मत लूट रहा था कलयुगी पिता, देता था जान से मारने की धमकी

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक बैंक मैनेजर पिता द्वारा अपनी ही 13 वर्षीय बेटी का दो साल तक यौन शोषण करने का हैरतअंगेज़ मामला प्रकाश में आया है. बच्ची ने महिला थाना में अपने पिता के खिलाफ श‍िकायत दी है. टाउन DSP रामनरेश पासवान के निर्देश पर टाउन और महिला थाना की पुलिस ने मोतिहारी जाकर आरोपित बैंक मैनेजर को अरेस्ट कर लिया है.

टाउन DSP ने बच्ची और उसके पिता लक्ष्मण दास से अलग-अलग पूछताछ की. यौन शोषण के आरोप में लक्ष्मण दास को जेल भेज दिया गया है. आरोपित पिता ने बताया कि वह मोतिहारी में ग्रामीण बैंक में मैनेजर पद पर कार्यरत है. उसकी पहली शादी 20 वर्ष पहले हुई थी. पहली पत्नी से उसे एक बेटा और एक बेटी है. उसका मूल निवास शहर के बेला थाना क्षेत्र में है. आरोपित का कहना है कि पहली पत्नी उसकी अच्छे से देखरेख नहीं करती है, इसलिये चार महीने पहले उसने दूसरी शादी कर ली. इसमें उसकी पहली पत्नी ने भी रजामंदी दी थी.

पीड़‍ित बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसके पिता दो वर्षों से उसका यौन शोषण करते थे, धमकी भी देते थे. वह भी चुपचाप सब कुछ सहती रहती थी. आखिरकार, ये बात उसकी मां को पता लग गई. पूरी बात जानने के बाद माँ उसे लेकर थाने पहुंची और शिकायत दी. इस संबंध में महिला थाना की दारोगा संवेदना कुमारी ने बताया कि बच्ची का मेडिकल टेस्ट करा ल‍िया है. अब आगे की कार्रवाई की जा रही है.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *