ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश का बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) अब उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आज ग्रेटर नोएडा पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जहां वे उद्घाटन से पहले तैयारियों का जायजा ले सकते हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 12 बजे जेवर पहुंचेंगे और इस महत्वाकांक्षी परियोजना का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
उद्घाटन समारोह के बाद प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां की हैं। सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र को कई स्तरों में बांटा गया है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस व सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्लान तैयार किया गया है। प्रशासन ने यमुना एक्सप्रेसवे और नोएडा एक्सप्रेसवे पर मालवाहक (गुड्स) वाहनों के संचालन पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया है। यह प्रतिबंध शनिवार सुबह 7 बजे से लागू होगा और लगभग 16 घंटे तक प्रभावी रहेगा।
इस दौरान भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा, ताकि वीआईपी मूवमेंट और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। स्थानीय प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और अनावश्यक रूप से इन मार्गों पर यात्रा करने से बचें। साथ ही, कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे उत्तर भारत के आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।