पद्मश्री अवार्ड के लिए चयनित होने पर कलेक्टर ने दी बधाई
जशपुरनगर। जशपुर जिले विकाखण्ड बगीचा के ग्राम पंचायत भितघरा निवासी समाज सेवक जागेश्वर यादव का चयन पद्मश्री अवार्ड के लिए हुआ है। यादव को यह अवार्ड दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जायेगा। पद्मश्री अवार्ड के लिए चयनित होने के बाद जागेश्वर यादव को बधाई एवं शुभकामनाएं देने का सिलसिला जारी हैं। विगत दिनों संकल्पित भाव से बिरहोर जनजाति की सेवा करने वाले और पिछड़े वर्ग से आने वाले इस जननायक और सेवाभावी कार्यकर्ता का सम्मान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित राज्य अतिथि गृह पहुना में किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किये जाने के केंद्र सरकार के निर्णय पर शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जागेश्वर यादव ने पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। आज कलेक्ट्रेट कार्यालय जशपुर पहुंचकर जागेश्वर यादव ने कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उनके बेटे महेंद्र यादव भी मौजूद रहे।
कलेक्टर डॉ. मित्तल ने जागेश्वर यादव को पद्मश्री अवार्ड के लिए चयनित होने पर अपनी ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि जागेश्वर यादव के प्रयासों से न केवल बिरहोर परिवार शिक्षा से जुड़े हैं बल्कि उन्हें सभी मूलभूत सुविधाएं मिल रही हैं। जागेश्वर बिरहोर आदिवासियों के उत्थान हेतु बेहतर कार्य किए हैं और शासन-प्रशासन का सहयोग भी करते आ रहे हैं। उन्होंने जागेश्वर यादव को बधाई देते हुए आशा जताई कि वे आगे भी बिरहोर और विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के लोगों के लिए कार्य करते रहेंगे। जागेश्वर यादव का पद्मश्री अवार्ड के लिए चयन होने के बाद से उनके घर, गांव खासकर बिरहोर और विशेष पिछड़ी जनजाति बाहुल्य ग्रामों में खुशी का माहौल है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार मौजूद थे।