बिलासपुर जिले में कम नहीं हो रहा संक्रमण, 386 मरीज मिले, एक की मौत

बिलासपुर। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही है। इससे एक बार फिर लोगों में कोरोना का भय बढ़ गया है। मंगलवार को 386 नए मरीज की पहचान की गई है। वहीं अपोलो अस्पताल में भर्ती कोरबा के बालको निवासी बुजुर्ग की मौत हुई है।
कावरे द्विवेदी(61) को गंभीर हालत में 10 दिसंबर की दोपहर अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात में उनकी हालत बिगड़ी और उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले बढ़ने के साथ ही अब लगातार मौत होने लगी हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग टीम होम आइसोलेशन में उपचार कराने वाले हर मरीज की रोजाना जानकारी ले रही है। इसमें यह बात भी सामने आई है कि कुछ मरीजों की हालत में सुधार नहीं हो पा रहा है। ये अधिक उम्र वर्ग हैं। ऐसे में इन्हें अस्पताल में भर्ती होने को कहा गया है।
मंगलवार को भी ग्रामीण क्षेत्र की अपेक्षा शहरी क्षेत्र में ज्यादा मरीज मिले हैं। अब शहर में 1,500 से ज्यादा सक्रिय मरीज हो गए हैं। वहीं, शहर के सिरगिट्टी, तोरवा, गोड़पारा, राजकिशोर नगर, मंगला, सरकंडा, दयालबंद, हेमूनगर, विनोबा नगर, नेहरू नगर में संक्रमण के सबसे ज्यादा मिल रहे हैं। इसमें देखने वाली बात यह है कि अब युवा भी संक्रमित हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि जितने संक्रमित मिल रहे हैं उनसे ज्यादा की पहचान नहीं हो सकी है। जो अब भी संक्रमण को बढ़ाने का काम कर रहे हैं। इसलिए लक्षण मिलने पर तत्काल कोरोना जांच करनी चाहिए।
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *