भारतीय क्रिकेट टीम को आइसीसी टी20 विश्व कप के पिछले एडिशन में पहले दौर से ही हारकर बाहर होना पड़ा। टूर्नामेंट में भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान के साथ था जहां टीम को 10 विकेट की करारी हार मिली। विराट कोहली ऐसे पहले कप्तान बने जो पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप में कोई मैच हारे। अब भारत रोहित शर्मा की कप्तानी में आस्ट्रेलिया में इसी साल खेले जाने वाले टी20 विश्व कप में खेलने उतरेगा।
भारतीय टीम को अपने खेलने के तरीके में बदलाव करने की जरूरत है या नहीं इस सवाल पर अगरकर ने कहा, “इस सवाल का जवाब देना वाकई मुश्किल है। मुझे लगता है कि भारतीय टीम को वनडे क्रिकेट में अपने खेल को बदलने की जरूरत है। टी20 में उतना कुछ बदलाव करने की जरूरत नहीं क्योंकि भारत ने उस दिन धीमी शुरुआत की थी इसलिए पाकिस्तान की टीम ने ज्यादा बेहतर खेल दिखाया।”
आगे उन्होंने कहा, “न्यूजीलैंड की टीम ने उनके खिलाफ काफी अच्छा खेल दिखाया। इस मैच के बाद आप देख सकते है कि भारतीय टीम का कितना शानदार खल रहा था। शायद अच्छा होता अगर जो टूर्नामेंट में कमतर आंकी जा रही टीमों के खिलाफ टूर्नामेंट में शुरुआत की होती। कौन जानता है नतीजे कुछ और ही होते।”
“अब आस्ट्रेलिया में होने वाले टूर्नामेंट में बात अलग होगी। यहां की परिस्थिति अलग है तो मुझे नहीं लगता है कि भारतीय टीम को किसी भी तरह से बिना मतलब के अपने रवैये में बदलाव की जरूरत है। टीम को बस जरूरत है एक ऐसे खिलाड़ी की जो 6 नंबर पर जिम्मेदारी से खेल सके। क्या टीम ऐसे किसी को तलाश कर पाएगी जो टाप 6 में हो और गेंदबाजी कर पाए। यह खिलाड़ी टीम के लिए सबसे अहम होने वाला है।”