‘विज्ञान के क्षेत्र में टॉप देशों में शामिल हो रहा है भारत’, भारतीय साइंस कांग्रेस का उद्घाटन कर बोले PM मोदी

नई दिल्ली: मंगलवार (3 जनवरी 2023) को पीएम नरेंद्र मोदी ने 108वीं भारतीय विज्ञान कांग्रेस का उद्घाटन किया। इस समारोह को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अगले 25 सालों में भारत जिस ऊंचाई पर होगा, उसमें भारत की वैज्ञानिक शक्ति की भूमिका बहुत अहम होगी। विज्ञान में जुनून के साथ जब देश की सेवा का संकल्प जुड़ जाता है, तो नतीजे भी अभूतपूर्ण आते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की 21वीं सदी में हमारे पास डेटा एवं तकनीकी बहुतायत में है। यह भारत के विज्ञान को नई ऊंचाईयों तक पहुंचा सकता है।

भारतीय विज्ञान कांग्रेस के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का भारत जिस साइंटिफिक अप्रोच के साथ आगे बढ़ रहा है, हम उसके परिणाम भी देख रहे हैं। विज्ञान के क्षेत्र में भारत तेजी से विश्व के टॉप देशों में सम्मिलित हो रहा है। उन्होंने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में भारत दुनिया के शीर्ष 10 देशों में अपना स्थान रखता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2015 तक 130 देशों की ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स में भारत 81वें स्थान पर था तथा 2022 में हम 40वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि पीएचडी एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम में भारत शीर्ष तीन देशों में सम्मिलित है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस बार भारतीय विज्ञान कांग्रेस की थीम भी एक ऐसा विषय है, जिसकी दुनिया में सबसे अधिक चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि विश्व का भविष्य सस्टेनेबल डेवलमेंट के साथ ही सुरक्षित है तथा आपने सस्टेनेबल डेवलमेंट के विषय को नारी सशक्तिकरण के साथ जोड़ा है। उन्होंने कहा कि व्यवहारिक तौर पर भी ये दोनों एक-दूसरे जुड़े हुए हैं। आज महिलाओं की हिस्सेदारी से समाज और विज्ञान आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश की सोच केवल यह नहीं है कि विज्ञान के माध्यम से नारी सशक्तिकरण करें, बल्कि महिलाओं की हिस्सेदारी से विज्ञान का भी सशक्तिकरण करें। उन्होंने कहा कि विज्ञान और शोध को नई गति दें, यह हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि विज्ञान के प्रयास तभी अहम सफलताओं में बदल सकते हैं, जब वो लैब से निकलकर जमीन पर पहुंचें और उनका प्रभाव वैश्विक स्तर से जमीनी स्तर पर हो।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *