स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने आज रामकृष्ण केयर अस्पताल पहुंचकर वहां भर्ती डॉ. मनोज लाहोटी से मुलाकात की। एक मामले की पेशी के लिए 4 सितंबर को राज्य महिला आयोग गए डॉक्टर लाहोटी को आयोग अध्यक्ष के PA ने पीट दिया था। तब से वे अस्पताल में भर्ती हैं। मारपीट से नाराज इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की रायपुर शाखा ने कल शाम स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर शिकायत की थी। इससे पहले IMA ने राज्यपाल अनुसूईया उइके से मिलकर ज्ञापन सौंपा था।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने अस्पताल में डॉ. लाहोटी से घटना की जानकारी ली। उन्होंने घटना की निंदा की है। बाद में उन्होंने डॉक्टरों से डॉ. लाहोटी के चोटों और इलाज की बाबत भी बातचीत की। इससे पहले IMA एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेश सिन्हा और रायपुर अध्यक्ष डॉ. विकास अग्रवाल की अगुवाई में स्वास्थ्य मंत्री से मिला था। डॉक्टरों का कहना था, राज्य महिला आयोग में डॉ. मनोज लाहोटी को अध्यक्ष किरणमयी नायक के निजी सचिव अभिषेक सिंह ने बंद कमरे में बुरी तरह से पीटा।