जबलपुर। तीसरी लहर में कोरोना संक्रमण का अब तक के सबसे ज्यादा 593 संक्रमित मिले हैं। रविवार को प्रशासन ने कोरोना संक्रमितों के आंकड़े जारी किए। इसमें 5241 मरीजों की जांच रिपोर्ट आई। उपरोक्त संक्रमितों को मिलाकर शहर में अब 2547 कोरोना संक्रमित हो गए है। इधर रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह के बाद संक्रमितों का मिलना जारी है। यहां भी नौ संक्रमित मिले हैं।राहत भरी बात ये है कि कोरोना से किसी की मौत दर्ज नहीं हुई है।
प्रशासन के अनुसार 183 कोरोना संक्रमित ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हुए है।शहर में लगातार संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। कोरोना संक्रमण को लेकर लोग भी जागरूक नहीं हो रहे हैं। कई जगह बिना मास्क के लोग काम करते दिखाई दे रहे हैं। इधर रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में 12 जनवरी को हुए दीक्षा समारोह के बाद कोरोना यहां कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। रविवार को विश्वविद्यालय में काम करने वाले प्राध्यापक और कर्मचारी कुल मिलाकर नौ लोगों की जांच रिपोर्ट पाजीटिव मिली है। ये सभी दीक्षा समारोह में शामिल हुए थे।
ज्ञात हो कि दीक्षा समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल शामिल हुए थे। जिस वजह से प्रशासन ने सभी का कोरोना जांच करवाई थी। करीब 500 से ज्यादा कर्मियों और जवानों की जांच हुई थी। जिसमें 40 लोग संक्रमित मिले थे। अकेले विश्वविद्यालय में दीक्षा समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे विद्यार्थी की जांच में एक दर्जन ऐसे थे जिनकी जांच रिपोर्ट पाजीटिव थी। इसके बाद उपकुलसचिव भी कोरोना संक्रमित मिली है। कई कर्मियों ने जांच करवाई है जिनकी रिपोर्ट पाजीटिव मिली है।