जयपुर: राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच सोमवार को प्री मॉनसून ने दस्तक दे दिया है। राजस्थान के बाड़मेर में लगभग छह घंटे तक मॉनसून की पहली बारिश होती रही। पानी इतना गिरा कि हालात ख़राब हो गए। सड़कों पर जलभराव हो गया, कई घरों-दुकानों में पानी घुस गया, कई गाड़ियां बह गईं, कई गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से कट गया है।
शाम लगभग 5 बजे से बारिश शुरू हुई, जो रात 11 बजे तक जारी रही। बारिश की वजह से 5 घंटे तक पूरे शहर की बिजली गुल हो गई है। जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक नुकसान बाड़मेर जिले के बॉर्डर से लगे चौहटन कस्बे और उसके आसपास के इलाकों में हुआ है। मुसलाधार बारिश की वजह से पहाड़ों से आने वाला पानी निचली बस्ती के इलाकों में घुस गया। वहीं, डिप्टी ऑफिस में भी 4 फुट पानी घुस गया। कई इलाकों में गाड़ियां पानी में डूब गई।
चौहटन रोड पर पानी का नाला ओवरफ्लो हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने JCB लगाकर पानी को निकालने का कार्य शुरू किया है। बाड़मेर मुनाबाव सड़क मार्ग के साथ हाथमा और रामसर गडरा रोड सड़क पानी में बह गई, जिसके बाद में इन इलाकों के गांवों का आपस में संपर्क पूरी तरीके से कट गया है।