कुम्हारी। स्थानीय नगर निकाय में भाजपा के पार्षद और जल प्रभारी अश्वनी देशलहरे पर्यावरण और प्रकृति प्रेमी हैं । वृक्षारोपण के प्रति अपार प्रेम और समर्पण इतना है कि जब भी अवसर मिले ये वृक्षारोपण करते रहते हैं । अपने मित्रों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित कर उनकी सहायता से अब तक उन्होंने लगभग 4600 से भी अधिक पौधे नगर के विभिन्न स्थानों में जैसे विभिन्न स्कूल, महामाया मार्ग, शीतला मंदिर और गौरव पथ सहित विभिन्न स्थानों में वृक्षा रोपण किया है। अश्वनी देशलहरे ने अपनी बाल्यावस्था को स्मरण करते हुए बताया कि सर्वप्रथम उन्होंने कक्षा 5 वीं में पढ़ते हुए अपने पिता को स्कूल में दो पेड़ लगाते हुए देखा तो उन्होंने पूछा था कि पेड़ क्यों लगाते हैं पिताजी ने जब वृक्षों की महत्ता, अनिवार्य आवश्यकता के विषय में बताया तब से पेड़ों के प्रति उनके मन में सम्मान, श्रद्धा और आस्था भाव जाग्रत हुआ और 15 वर्ष की आयु से ही उन्होंने यह अभियान अकेले ही प्रारम्भ कर दिया। वे स्वयं की धनराशि से पौधे खरीद कर लाते हैं और पौधों को बच्चों की तरह घर पर रखकर उसकी सेवा करते हैं। जब पौधे बड़े हो जाते हैं तब उचित स्थान देखकर वृक्षारोपण कर देते हैं साथ ही समय समय पर वे उन सभी रोपे गए पौधे के स्थान पर जाकर अपनी सेवाएं भी देते चले आ रहे हैं। अब उनके इस जनहितकारी सेवा कार्य में परिजन, मित्रगण तथा नगर के पर्यावरण प्रेमी भी जुड़ने लगे हैं ।उनका यह पुनीत कर्म पेड़ पौधों के प्रति उनका यह समर्पण भाव समाज और आम नागरिकों के लिए प्रेरणाप्रद और लोकहितकारी है।