भिलाई। हथखोज निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से विवाद के बाद फांसी लगा ली। इसके अलावा पुलगांव बस्ती निवासी एक युवती ने भी सुबह फांसी लगा ली। पुलिस दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस ने बताया कि सेक्टर-6 निवासी कुलेश्वर यादव (35) अपनी पत्नी के साथ हथखोज में किराये पर रहता था। मंगलवार की सुबह उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ। विवाद के बाद उसकी पत्नी उसे छोड़कर अपने सास ससुर के पास सेक्टर-6 चली गई। इसके बाद कुलेश्वर यादव ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक मृतक शराब पीने का आदी था। दूसरे मामले में पुलगांव बस्ती निवासी मधु यादव (21) ने मंगलवार की सुबह करीब सात बजे अपने में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में घटना का कारण अज्ञात है। मृतका ने 12वीं तक की पढ़ाई के बाद काम करना शुरू कर दिया था।
चोरी के एक महीने पुराने मामले में पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी हाउसिंग बोर्ड के एक घर में एक महीने पहले हुई चोरी के मामले में जामुल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता विनोद कुमार सिंह जिला अस्पताल में लैब टेक्नीशियन का काम करता है। उसकी मां का निधन होने पर वो 21 फरवरी को अपने बड़े भाई के घर मरोदा गया हुआ था। वहां से 24 फरवरी को वापस लौटा तो घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर रखी आलमारी भी खुली हुई थी और उसके लाकर में रखे जेवर और 12 हजार रुपये नकद नहीं थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत तीन लाख रुपये आकी गई है। शिकायतकर्ता ने घटना के एक महीने बाद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
युवती को अगवा कर दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार
मानसिक रूप से कमजोर एक युवती को अगवा कर उससे दुष्कर्म करने वाले आरोपित को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस ने बताया कि 21 वर्षीय पी़डिता सोमवार को अपने भतीजे को स्कूल से छोड़कर पैदल वापस घर लौट रही थी। रास्ते में आम्रपाली वनांचल सिटी के पास आरोपित वासुदेव ने उसे रोका और घर छोड़ने के नाम पर अपने साथ ले गया। वहां पर आरोपित ने उससे दुष्कर्म किया। पुलिस ने बताया कि आरोपित वासुदेव पाटन ब्लाक के टेमरी गांव का रहने वाला है और अभी कैंप-2 मिलन चौक में रहकर काम करता था। आरोपित को गिरफ्तार कर उसे जेल भेजा गया है।