नकली सोना खपाने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार, 10 लाख ठग चुके थे दोनों

गौरेला‑पेण्ड्रा मरवाही। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले पीड़ित को कम दाम में असली सोना देने झांसा दिया और फिर उससे 10 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने ठगी का पता चलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद अब पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। जबकि, 2 अन्य की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, मुंगेली जिले के रहने वाले उमेद साहू ने बीते साल 5 दिसंबर 2025 को गौरेला थाना में चार आरोपियों के खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

उमेद ने पुलिस को बताया कि चार शातिर ठगों ने उससे संपर्क किया और दावा किया कि कारीआम गांव के पास तालाब की खुदाई के दौरान भारी मात्रा में सोना मिला है। पीड़ित को भरोसा दिलाने के लिए आरोपियों ने नकली सोने को असली बताकर दिखाया और कम कीमत में बेचने का लालच दिया। लालच में आकर उपेंद्र साहू ने आरोपियों को 10 लाख रुपये नकद दे दिए और बदले में सोना लिया। रुपये देने के बाद जब पीड़ित ने खरीदे गए सोने की शुद्धता की जांच करवाई, तो पता चला कि सोना पूरी तरह नकली है। ठगे जाने का एहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।

गौरेला थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुंगेली निवासी चार आरोपियों नरेंद्र साहू, सरोज साहू (महिला), निर्मल जायसवाल और मनोज के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज किया गया था। इनमें से दो आरोपियों नरेंद्र साहू और महिला सरोज साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यह दोनों पति-पत्नी है।जबकि अन्य दो फरार आरोपियों निर्मल जायसवाल और मनोज की तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की कोई भी संदिग्ध सौदेबाजी होने पर तुरंत स्थानीय थाना को सूचित करें।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *