स्वर कोकिला लता मंगेशकर का रविवार 6 फरवरी 2022 को निधन हो गया। उनके निधन की खबर ने पूरे देश में शोक की लहर ला दी। बॉलीवुड से लेकर टीवी, राजनीति और उनके चाहने वालों ने उन्हें अपने ही अंदाज में श्रद्धांजलि देते हुए कई पलों को याद किया। लता मंगेशकर के निधन के बाद दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया। लाखों लोगों की तरह टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री हिना खान ने भी लता दीदी को अपने अंदाज में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अपने पिता द्वारा सिखाई गई पुरानी बातों याद किया
हिना खान ने ऐसे किया लता मंगेशकर को याद
हिना खान ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर की। इस वीडियो में वह लता मंगेशकर के सबसे लोकप्रिय गानों की कुछ लाइने गुनगुना रही हैं। अपने इस पोस्ट के साथ हिना खान ने लता जी को श्रद्धांजलि देते हुए एक लम्बा चौड़ा कैप्शन लिखा। सोशल मीडिया के जरिए हिना खान ने अपने फैंस को बताया कि उनके पिता ने कैसे उन्हें पहली बार लता मंगेशकर जी के गानों के बारे में बताया था। हिना ने लता जी के पसंदीदा गाने गाए। ये रिश्ता क्या कहलाता है अभिनेत्री द्वारा गाए गए ये गाने उनके फैंस को काफी पसंद आ रहे हैं।
लता मंगेशकर का निधन निजी नुकसान है
हिना खान ने अपनी पोस्ट के साथ कैप्शन में अपने पिता की यादों को शेयर करते हुए लिखा, ‘जब मैं छोटी थी उस वक्त मेरे पिता ने मुझे लता जी के खूबसूरत गानों से परिचित करवाया था। वह खुद भी उनके बहुत बड़े प्रशंसक थे और मुझे भी उन्होंने उनका हमेशा के लिए फैन बना दिया था। जैसा की आप सबको पता ही है ‘लग जा गले’ मेरा पसंदीदा गाना है। मुझे पता है उन्हें हमेशा यही लगता था कि लता जी का जाना हमारा निजी नुकसान है। मुझे यकीन है इस वक्त जैसा मैं महसूस कर रही हूं वैसा ही करोड़ों भारतीय भी महसूस कर रहे होंगे।