दिल्ली में भारी बारिश और आंधी ने मचाई तबाही, कई इलाकों में घर गिरने से 8 जख्मी

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में सोमवार सुबह हुई मूसलाधार भारी बारिश और आंधी के बाद  कई जगहों पर मकान ढह जाने से आठ लोग जख्मी हो गए। दमकल विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि दिल्ली के ज्वलपुरी, गोकलपुरी, शंकर रोड और मोती नगर इलाकों में मकान ढह गए।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सोमवार की सुबह दिल्लीवासियों की नींद आंधी और बारिश के बीच खुली, जिसने लोगों को भीषण गर्मी से जरूर कुछ राहत दिलाई है। लेकिन इस आंधी बारिश के कारण दिल्ली के कुछ हिस्सों में पेड़ उखड़ गए और आईटीओ, DND और AIIMS के पास विभिन्न हिस्सों में ट्रैफिक जाम की सूचना मिली। मौसम विभाग ने बताया कि यह इस मौसम का पहला मध्यम-तीव्रता वाला तूफान था। दमकल विभाग के मुताबिक, पश्चिमी दिल्ली के ज्वालापुरी में एक घर गिरने से तीन लोगों को हल्की चोटें आईं। तीनों को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में एडमिट कराया गया है।

उन्होंने बताया कि ज्वालापुरी में तड़के 5.51 बजे एक मकान गिरने की जानकारी मिली थी। इसके बाद फौरन दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इसी प्रकार, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी में भी एक और घर गिरने की खबर मिली, जिसके बाद दो दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दिल्ली दमकल सेवा के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि इस घटना में कोई जख्मी नहीं हुआ है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *