रायपुर: छत्तीसगढ़ प्रदेश में पूर्वी हवा चलने से गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। रायपुर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से कुछ ही कम है। फिलहाल अभी 35.8 डिग्री सेल्सियस रायपुर का तापमान है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आगे भी राज्य का मौसम शुष्क बना रहेगा, साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, आने वाले कुछ दिनों में मौसम का रुख इसी प्रकार रहेगा।
शहर में दोपहर की तेज चुभन बढ़ गई है और दिन के साथ ही अब रात में भी गर्मी बढ़ने लगी है। घरों और आफिसों में एसी, पंखे चलने शुरू हो गए हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। गर्मी बढ़ने के साथ ही सड़कों पर लोग छाते और गमछे का प्रयोग करने लगे हैं। धूप से बचने के लिए लोग कई तरह के जतन करते नजर आ रहे हैं।
पिछले वर्षों की तुलना में ज्यादा पड़ेगी गर्मी
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि पूर्वी हवा के चलने के कारण शुक्रवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। इसके साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। इस वर्ष पूरे फरवरी में ठंड काफी अच्छी पड़ी। इसके कारण ही गर्म कपड़ों का कारोबार भी पिछले वर्षों की तुलना में 25 फीसद अधिक रहा। मौसम विभाग का कहना है कि इस वर्ष गर्मी भी काफी ज्यादा पड़ेगी। अब गर्मी बढ़ते ही विभिन्न क्षेत्रों में लगे गर्म कपड़ों के स्टाल भी बंद हो गए हैं।