इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के खत्म होने के तुरंत बाद ही आइसीसी टी20 विश्व कप का आगाज होने जा रहा है। टू्र्नामेंट के लिए भारतीय टीम का चयन किया जा चुका है। टीम का चयन आइपीएल के इस सीजन के दूसरे चरण की शुरुआत से पहले ही हो गया था। ऐसे में यहां अच्छा प्रदर्शन करने पर भी खिलाड़ियों को कुछ खास फायदा नहीं होने वाला। विश्व कप के लिए चुनी गई टीम में स्पिनर युजवेंद्र चहल का नाम नहीं होने से कई दिग्गज हैरान हैं।
भारतीय टीम के दिग्गज आफ स्पिनर हरभजन सिंह ने भी चहल के टी20 विश्व कप टीम में नहीं चुने जाने पर हैरानी जताई है। उनका मानना है कि वह एक चैंपियन स्पिनर हैं और उनकी जगह इस टीम में होनी चाहिए थी। चहल इस वक्त विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम रायल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से आइपीएल में खेल रहे हैं। वहीं हरभजन कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम का हिस्सा हैं।
भज्जी ने ट्विटर पर लिखा, आपने हमेशा की तरह ही अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है, ऐसे ही चलते जाइए और इस बात को तय करें कि आप एक दम से सही जगह पर गेंदबाजी करते रहे। इतना ज्यादा धीमा भी मत करना, मैं तो अभी तक इस बात की उम्मीद लगाए बैठा हूं कि आपको भारत के टी20 विश्व कप की टीम में देखूंगा। चैंपियन गेंदबाज हैं आप।
चहल ने इस सीजन में आरसीबी के लिए 12 मुकाबले खेलकर कुल 14 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान 11 रन देकर 3 विकेट हासिल करना उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। अब उन्होंने 7.24 की इकोनोमी से रन खर्च किए हैं।