श्रीनगर, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, बारामुल्ला के अध्यक्ष एस. परमजीत सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने जम्मू-कश्मीर में सिख समुदाय के कल्याण और सशक्तिकरण के बारे में विभिन्न मुद्दे उठाए, जिसमें गैर-प्रवासी सिख समुदाय के सदस्यों को एसआरओ 425 के तहत लाभ का विस्तार, भाषा और जातीयता के आधार पर एसटी का दर्जा देना, सिख समुदाय का राजनीतिक प्रतिनिधित्व, जम्मू-कश्मीर सिख विकास बोर्ड का गठन और सिख युवाओं के लिए विशेष भर्ती अभियान शामिल हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने बारामुल्ला में जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा संचालित गुरु नानक स्कूल के लिए पट्टे की मंजूरी और 1947 में पाकिस्तान द्वारा आदिवासी छापे के दौरान मारे गए सिख समुदाय के सदस्यों के सम्मान में एक स्मारक के लिए भूमि आवंटन का भी अनुरोध किया। एलजी ने डीजीपीसी बारामुल्ला के सदस्यों को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा पेश किए गए मुद्दों को हल करने के लिए उचित कार्रवाई की जाएगी।