कोरबा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सर्व यादव समाज की ओर से कोरबा में भव्य शोभायात्रा एवं रैली का आयोजन किया गया। डॉ. भीमराव ओपन थिएटर खेल मैदान, घंटाघर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत शामिल हुए। दोनों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर समाज के लोगों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
यादव समाज के लिए 75 लाख के विकास कार्य
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि यादव समाज का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें लगातार मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद और समाज के सहयोग से नगर एवं जिले में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि यादव समाज की मांगों के अनुरूप करीब 75 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। इनमें बालको शांति नगर स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पास भवन के ऊपरी तल का निर्माण, जमनीपाली में सामुदायिक भवन और शारदा विहार अमरैय्यापारा राधाकृष्ण मंदिर के विस्तार जैसे कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा वैशाली नगर मिनी स्टेडियम के पास मंच एवं कक्ष निर्माण के लिए 10 लाख रुपये का कार्य प्रगतिरत है। लाटा मेन रोड में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जबकि मानिकपुर यादव मोहल्ले में भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की स्वीकृति शीघ्र किए जाने की बात मंत्री ने कही।
महापौर ने सुनाया भजन
कार्यक्रम के दौरान कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत ने समाज को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित भजन भी प्रस्तुत किया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु, संरक्षक कमलेश यादव, प्रदेश महामंत्री संतोष यादव, पार्षद नरेंद्र देवांगन, महिला प्रकोष्ठ की संरक्षक हारबाई यादव, प्रफुल्ल तिवारी और शोभायात्रा के संयोजक रंजू यादव सहित समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।