प्रेमिका बनाने लगी थी दूरी, प्रेमी ने किया दोस्त का मर्डर

राजनांदगांव। सोमनी के जोरतराई में रेलवे ट्रैक किनारे मिले गौरी नगर के अजय सिन्हा के हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। अजय सिन्हा की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके ही खास दोस्त अनिल डौंडे (32) को गिरफ्तार किया है। जिसने अपने सहयोगी तुलेश साहू (32) के साथ मिलकर अजय की हत्या की थी। हत्या की वजह प्रेमिका से बढ़ती अजय की नजदीकी सामने आई है। पूछताछ में आरोपी अनिल डौंडे ने सोमनी पुलिस को बताया कि उसने अपनी विवाहित प्रेमिका को अपनी पत्नी बताकर गौरी नगर के किराए के मकान में रखा था। कुछ समय पहले वह अपने काम से बहन के गांव चला गया।

इस दौरान अजय सिन्हा को अपनी प्रेमिका और उसके बच्चों की देखरेख की जिम्मेदारी दी। इसी बीच दोनों के बीच न​जदीक बढ़ गई। अजय उससे लगातार मिलने लगा। जिसे लेकर उसने आपत्ति भी जताई। लेकिन अजय का उसकी प्रेमिका से मिलने का दौर जारी रहा। इसी के चलते उसने अजय की हत्या की योजना बना ली। आरोपी ​अनिल ने बताया कि वह 7 सितंबर की रात बाइक से अजय को अपने साथ जोरातराई ले गया। उनके साथ तुलेश साहू भी मौजूद था। तीनों ने रेलवे ट्रैक के किनारे बैठकर शराब पी। इसी दौरान दोनों ने अजय के सिर पर पत्थर पटक दिया और चाकू से उसके गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी। फिर हादसा दिखाने ट्रैक किनारे उसके शव को फेंककर भाग निकले। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *