गूगल रिव्यू टास्क पूरा करने का झांसा देकर युवती से लाखों की ठगी

रायपुर। राजधानी में ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें एक कामकाजी युवती से 5.56 लाख की ऑनलाइन ठगी हो गई। दरअसल, शहर के सुंदर नगर इलाके में रहने वाली युवती को पहले गूगल में जाकर रिव्यू और टास्क पूरा करने पर मोटा कमीशन का झांसा दिया गया। शुरुआत में युवती का भरोसा जीतने ठगों ने 200, 300 से 1200 रुपए तक दिए। इसके बाद युवती के खाते में पैसे जमा होते रहे, जिससे उसे ठगों पर भरोसा हो गया। इसके कुछ दिन बाद जब युवती ने रकम निकालनी चाहिए तो पैसा निकालने नहीं दिया गया।

रकम निकालने के लिए उससे पांच लाख रुपए मांगे गए। इसके बाद युवती को शक हुआ और उसने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने ठगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मिली जानकारी के अनुसार अन्वेषा गुप्ता (28) सुंदरनगर में रहती हैं। वह ऑनलाइन बिजनेस करती हैं। उनके पास 22 जनवरी को फोन आया और घर बैठे पैसा कमाने का झांसा दिया गया। अन्वेषा कहा गया कि गूगल में जाकर रिव्यू करना है। कुछ टास्क दिया जाएगा, जिसे जल्द पूरे करने होंगे। वह इस झांसे में आ गई। उसने एक कैफे का रिव्यू किया। उन्हें रेटिंग दी तो खाते में 200 रुपए जमा कराए गए। उसके बाद टास्क दिया गया। उसमें भी युवती को पैसा दिया गया।

अपने झांसे में लेने के लिए जानसाजों ने शुरुआत में 5-6 बार पैसा दिया गया। फिर झांसा दिया गया कि 5 हजार का टास्क लेने पर 8 हजार और 12 हजार का टास्क लेने पर 17 हजार मिलेंगे। इस तरह युवती को 16 टास्क दिया गया। अलग-अलग किश्त में 5 लाख 56 हजार रुपए जमा करा लिए गए। फर्जी एप में दिखाई भी दे रहा था कि कितना पैसा जमा है। युवती उसे निकालना चाहती थी। उसने प्रोसेस भी किया, लेकिन ऑडिट फेल बताया। तब ठग से संपर्क किया तो उसने कहा कि उनका क्रेडिट स्कोर 60 है। स्कोर 100 होने पर ही पैसा निकाल सकेगी। इसके लिए 5 लाख और जमा करने होंगे। ऐसे नहीं करने पर खाता ब्लॉक हो जाएगा। जब युवती ने पैसा जमा नहीं किया तो खाता ब्लॉक का मेल कर दिया गया। हालांकि शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *