पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तबीयत खराब, हालचाल लेने एम्स जाएंगे राहुल गांधी

पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह की तबीयत खराब है और वे दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS Delhi) में भर्ती हैं। इस बीच खबर है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी उनसे मिलने के लिए अस्पताल जाने वाले हैं। इससे पहले आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की, जिन्हें बुधवार को एम्स में भर्ती कराया गया था। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी पूर्व प्रधानमंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि 89 वर्षीय कांग्रेस नेता ने कमजोरी की शिकायत की थी और उनकी हालत स्थिर है। वह डाक्टरों की निगरानी में हैं। इससे पहले दिन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। सूत्र ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री कुछ समय मनमोहन सिंह के साथ रहे और उनके स्वास्थ्य के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद मांडविया ने ट्वीट करके कहा, ‘आज पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह जी से एम्स, नई दिल्ली में मुलाकात की व उनके स्वास्थ्य के विषय में जानकारी ली। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

बता दें कि डा. नीतीश नायक के मार्गदर्शन में डाक्टरों की एक टीम मनमोहन सिंह का इलाज कर रही है। उन्हें दो दिन पहले बुखार आया था और एम्स ले जाने से पहले वह कमजोर महसूस कर रहे थे। एम्स के सूत्र ने कहा कि उन्हें गर्दन में दर्द की भी शिकायत थी। अप्रैल में जब महामारी की दूसरी लहर उफान पर थी तब मनमोहन सिंह कोरोना से संक्रमित हो गए थे। इस दौरान वह एम्स में भर्ती हुए थे।  चार मार्च और तीन अप्रैल को उन्होंने कोरोना के टीके की खुराक ली थीं। 2009 में एम्स में उनकी बाईपास सर्जरी भी हो चुकी है।
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *