छोटे परदे की बॉस लेडी रुबीना दिलैक अब जल्द ही बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने जा रही हैं। उनकी फिल्म का टाइटल ‘अर्ध’ है। इस फिल्म में बिग बॉस 14 की विजेता रुबीना दिलैक के साथ हितेन तेजवानी, राजपाल यादव और कुलभूषण खरबंदा भी मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं। अब रुबीना दिलैक की पहली बॉलीवुड फिल्म से उनका पोस्टर सामने आया है। जिसमें उनका बहुत ही सिम्पल लुक देखने को मिल रहा है। उनकी बॉलीवुड डेब्यू के पोस्टर को देखने के बाद टेलीविजन के कई सितारों ने उन्हें बधाई दी।
ग्रामीण महिला की वेशभूषा में दिखीं रुबीना दिलैक
रुबीना दिलैक ने ‘अर्ध’ से पहला पोस्टर अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया। इस पोस्टर में रुबीना दिलैक एकदम सिंपल लुक में नजर आ रही हैं। उन्होंने मरून रंग की साड़ी और ब्लाउज पहना हुआ है। गले में मंगलसूत्र और मांग में सिन्दूर लगाया हुआ है। इस फिल्म में रुबीना दिलैक मधु का किरदार निभाते हुए नजर आएंगी। इस पोस्टर में रुबीना के पीछे मुंबई का और गेटवे ऑफ इंडिया है। इस पोस्टर को शेयर करते हुए रुबीना ने कैप्शन में लिखा, ‘हेलो मेरे खूबसूरत लोगों, महाशिवरात्रि से बेहतर कौन सा दिन होगा आप लोगों के सामने मेरी पहली फिल्म ‘अर्घ’ का पोस्टर शेयर करने का’।
हिना खान सहित इन सितारों ने डेब्यू पर किया विश
रुबीना दिलैक की फिल्म का पहला पोस्टर सामने आने के बाद सिर्फ उनके फैंस ही खुश नहीं हैं, बल्कि उनके टेलीविजन के दोस्त भी उन्हें बॉलीवुड डेब्यू पर बधाई दे रहे हैं। हिना खान ने रुबीना दिलैक के पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा ‘रॉक कर दो लव’। रुबीना की खास दोस्त और टीवी एक्ट्रेस सृष्टि रोड़े ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘बहुत-बहुत बधाई हो’। शार्दुल पंडित ने भी रुबीना के इस पोस्ट पर उनके डेब्यू की बधाई दी। फैंस बधाई देने के साथ-साथ उनके इस पोस्ट पर उन्हें ऑल द बेस्ट भी बोल रहे हैं। रुबीना दिलैक की डेब्यू फिल्म को पलक के भाई पलाश मुच्छल डायरेक्ट कर रहे हैं। फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो रही है।