एकतरफा प्यार में लड़की के घर फायरिंग, सनकी युवक गिरफ्तार

कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दोनदारों के आश्रित ग्राम संगम नगर में गुरुवार देर रात एकतरफा प्रेम के विवाद में एक युवक ने युवती के पिता पर गोली चला दी। घटना में पिता बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, संगम नगर निवासी मां लखन साहू की नाबालिग बेटी से बालको नगर के इंदिरा नगर निवासी 22 वर्षीय साहिल मासी एकतरफा प्रेम करता है। परिजनों का कहना है कि साहिल लंबे समय से युवती का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। इस संबंध में युवती के पिता ने बालको थाने में कई बार शिकायत भी दर्ज कराई थी।

गुरुवार रात करीब 11 बजे साहिल युवती के घर पहुंचा और शादी के लिए दबाव बनाने लगा। मां लखन साहू ने जब इसका विरोध किया तो वह आक्रोशित हो गया। उसने अपने पास रखी बंदूक निकालकर उन पर फायर कर दिया। हालांकि गोली उन्हें नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी साहिल मासी को हिरासत में ले लिया।

बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा प्रतीित हो रहा है। आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। उसके पास से हथियार जब्त कर लिया गया है और उसकी वैधता की भी जांच की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *