इंडियन प्रीमियर लीग के 45वें लीग मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना दुबई में पंजाब किंग्स के साथ होने जा रहा है। कोलकाता नाइट राइडर्स टीम 11 में से 5 मैच जीतकर 10 अंक के साथ चौथे स्थान पर है तो वहीं पंजाब किंग्स 11 में से चार मैच में जीत दर्ज करते हुए 8 अंक के साथ इस समय छठे नंबर पर मौजूद है। प्लेआफ में आगे बढ़ने के लिए दोनों ही टीमों के लिए ये मुकाबला जीतना जरूरी है।
कोलकाता को प्लेआफ में बने रहने के लिए भी ये मैच जीतना काफी जरूरी है और इस लिहाज से ये मैच केएल राहुल के लिए काफी अहम है। केकेआर के लिए वेंकटेश 144 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 126 रन बना चुके हैं। अगर वह शमी और अर्शदीप का पहला स्पेल खेल जाते हैं तो यह देखना रोचक होगा कि वह बिश्नोई और हरप्रीत बरार का सामना कैसे करते हैं। केकेआर ने नीतीश राणा को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजकर भी सही फैसला लिया है, चूंकि वह स्पिन को कप्तान इयोन मोर्गन से बेहतर खेलते हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली जीत में उन्हें इस फैसले का फायदा भी मिला। आलराउंडर वेंकटेश ने अपनी अनुशासित तेज गेंदबाजी के सामने अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है।
पंजाब की बात करें तो केएल राहुल (422 रन) और मयंक अग्रवाल (332 रन) को छोड़कर कोई बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सका है। वहीं निकोलस पूरन 10 मैचों में 70 रन ही बना सके हैं। भारतीय खिलाडि़यों में एम शाह रुख खान और दीपक हुड्डा मौकों का फायदा नहीं उठा सके हैं। बल्लेबाजों की नाकामी के बीच पंजाब के लिए सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती जैसे धुरंधर स्पिनरों का धीमी पिच पर सामना करना और कठिन होगा। इन दोनों के आठ ओवर मैच की दशा और दिशा तय कर सकते हैं। वहीं पंजाब के गेंदबाजों में बिश्नोई (9 विकेट) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाजों को परेशान नहीं कर सका। मुहम्मद शमी ने 14 और अर्शदीप सिंह ने 13 विकेट जरूर लिए, लेकिन दोनों महंगे साबित हुए हैं।