अलाव के पास सो गया बुजुर्ग, जिंदा जलकर मौत

कोरबा। जिले में कड़ाके की ठंड के बीच करतला थाना क्षेत्र के ग्राम बड़मार में अलाव तापते समय आग की चपेट में आने से 72 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। इलाज के दौरान उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मंशीदास महंत (72 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने सात बेटों और बहुओं के साथ रहते थे। ठंड से बचने के लिए परिवार रोजाना घर में अलाव जलाता था। रविवार रात को भी परिवार ने अलाव जलाया था। देर शाम तक सभी लोग आग तापते रहे, जिसके बाद अपने-अपने कमरों में चले गए।

मंशीदास महंत अलाव के पास ही चटाई बिछाकर कंबल ओढ़कर सो गए थे। रात करीब 12 बजे मंशीदास की चीख सुनकर परिजनों की नींद खुली। बाहर आकर देखा तो बुजुर्ग कंबल सहित आग की लपटों में घिरे हुए थे। परिजनों ने चादर की मदद से किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक मंशीदास करीब 80 प्रतिशत झुलस चुके थे। परिजन प्राथमिक उपचार के तौर पर शरीर पर स्याही लगाने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। दो दिनों तक चले इलाज के बाद देर रात मंशीदास ने दम तोड़ दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *