विक्षोभ का असर, तेज गर्मी से राहत

अंबिकापुर। मार्च महीने के अंतिम दिनों में पड़ रही तेज गर्मी से आज उत्तरी छत्तीसगढ़ के लोगों को कुछ राहत मिली है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण इलाके में बादल छाए हुए हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हुई है। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटे तक इसी तरह मौसम के बने रहने की संभावना जताई है। यानी लोगों को अगले 24 घंटे तक तेज गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। आसमान में बादल छाए रहने से हवा भी ठंडी चल रही है। पिछले कुछ दिनों से उत्तरी छत्तीसगढ़ में भी गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू किया था और संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में तापमान 36 डिग्री से ऊपर पहुंच गया था, लेकिन शुक्रवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहने से धूप का पता नहीं चल रहा है, इससे माना जा रहा है कि आज अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट दर्ज होगी। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण अभी गर्म हवाओं का प्रभाव थोड़ा बाधित हो गया है। दक्षिण पूर्व की ओर से आ रही हवाओं के कारण तापमान में अभी ज्यादा वृद्धि नहीं होगी। अगले 24 घंटे तक इसी तरह मौसम के बने रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होते ही गर्मी में तेजी से वृद्धि होगी। वहीं मौसम विभाग के अधिकारी भी किसानों को मौसम के बदलाव को देखते हुए उन्हें रबी व सब्जी की फसल की बचाव संबंधी जानकारी भी देने के लिए विभाग के कर्मचारियों को निर्देशित किया है। उल्लेखनीय है कि सरगुजा व जशपुर जिले में किसान रबी की फसल के साथ ही सब्जी की भी खेती बड़े पैमाने पर करते है। मौसम बदलाव के कारण उन्हें भी काफी नुकसान होता है। क्षेत्र के बहुत से किसान कर्ज लेकर सब्जी का उत्पादन करते है। लेकिन कई बार मौसम बदलने से उन्हें सब्जी की खेती में काफी घाटा होता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *