हैदराबाद: तेलंगाना के कांग्रेस MLA राशिद खान ने एक बार फिर विवादित बयान देकर बखेड़ा खड़ा कर दिया है। इस बार उन्होंने देश के हिंदू राष्ट्र बनने को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), विश्व हिंदू परिषद (VHP), पीएम नरेंद्र मोदी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला है। राशिद खान ने इन पर निशाना साधते हुए कहा है कि इन लोगों का ‘भारत को हिंदू राष्ट्र’ बनाने का सपना कभी पूरा नहीं होगा।
कांग्रेस नेता ने कहा है कि वह भारत को हिंदू राष्ट्र नहीं बनने देंगे। उन्होंने कहा कि, ‘जब तक मैं जीवित हूँ, भारत को हिंदू राष्ट्र नहीं बनने दूँगा। नरेंद्र मोदी, अमित शाह, योगी आदित्यनाथ, RSS, VHP और बजरंग दल कभी भी भारत को एक हिंदू राष्ट्र बनाने के अपने सपनों को पूरा नहीं कर सकेंगे।’ राशिद खान की टिप्पणी पर भाजपा नेता और तेलंगाना के MLA टी राजा सिंह ने करारा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राशिद खान जैसे लोगों ने हमें हिंदू राष्ट्र का सपना देखने के लिए प्रेरित किया है। टी राजा सिंह ने कहा कि, ‘भारत एक हिंदू राष्ट्र बनने के लिए तैयार है और राशिद खान जैसे लोग हमें इस सपने की दिशा में और भी कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।’
बता दें कि कि पिछले दिनों उत्तर प्रदेश शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी के इस्लाम त्यागकर हिंदू धर्म अपनाने पर भी कांग्रेस नेता राशिद खान ने आपत्तिजनक बयान दिया था। उन्होंने घोषणा की थी कि जो भी शख्स जितेंद्र नारायण त्यागी बने रिज़वी का गला काटकर लाएगा, उसे वह 25 लाख रुपए बतौर इनाम देंगे।