दुर्ग। प्रदेश में शीतलहर को देखते हुए जिले के सभी नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अलाव की व्यवस्था की गई है। मंगलवार को दूसरे दिन भी रात का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
जो सामान्य तापमान से आठ डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं रात का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो सामान्य तापमान से दो डिग्री सेल्सियस कम है।
लेकिन राहत की बात यह रही है मंगलवार को दिन में ठंडी हवाएं नहीं चली।
जिला लगातार दूसरे दिन भी शीतलहर की चपेट में रहा। सुबह आसमान पर धुंध छाने के साथ ही कड़ाके की सर्दी पड़ी। रात में भी ठिठुरन लगातार बढ़ रही है। हालाकि सोमवार की तुलना में मंगलवार को रात के न्यूनतम तापमान में .2 डिग्री सेल्सियस की मामूली वृद्धि हुई है।
वहीं ठंड से बचाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा शहरी क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाया जा रहा है। कलेक्टर डा.सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे के निर्देश पर बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, महत्वपूर्ण बाजारों आदि में अलाव की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पंचायतों में भी महत्वपूर्ण स्थलों में अलाव की व्यवस्था की गई है।
भिलाई आयुक्त प्रकाश सर्वे ने बताया कि भिलाई में 16 महत्वपूर्ण स्थलों पर अलाव जलाए गए हैं। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे महत्वपूर्ण स्थलों पर इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में तीन दिन से अलाव जलाया जा रहा है। भिलाई-चरोदा और रिसाली निगम में भी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाया जा रहा है।