नशे की हालत में अपने माता-पिता पर लोहे की रॉड से हमला किया

बेंगलुरु: बेंगलुरु से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शहर के ब्याटरायणपुरा इलाके में बेटे ने नशे की हालत में अपने माता-पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मृतकों की पहचान पिता भास्कर और मां शांता के रूप में हुई है। भास्कर एक कैंटीन में काम करते थे। जबकि, शांता एक सेवानिवृत्त केंद्र सरकार कर्मचारी थी। रिपोर्ट के अनुसार, हत्या की वारदात के बाद आरोपी शरथ फरार हो गया है।

पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, शरथ ने नशे की हालत में अपने माता-पिता पर लोहे की रॉड से हमला किया था। खून अधिक बहने की कारण उनकी मौत हो गई। शरथ मानसिक रूप से परेशान था और अक्सर अपने माता-पिता से झगड़ा करता था। मृतक दंपत्ति मंगलुरु के रहने वाले थे और 20 साल से शहर में रह रहे थे।

यह घटना सोमवार शाम की है। इस घटना का तब पता चला जब दंपति के बड़े बेटे ने उन्हें फोन किया। जब बड़े बेटे के फोन कॉल का कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने पड़ोसियों से उसके माता-पिता का पता लगाने की अपील की। पड़ोसियों ने खून से लथपथ शव पड़े देखे। मामले की सूचना मिलने के बाद दक्षिण पूर्व डीसीपी लक्ष्मी प्रसाद ने घटनास्थल का दौरा किया और जांच जारी है। रिपोर्ट के अनुसार, मामले में अभी और जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *