शिवरीनारायण — विकासखंड पामगढ़ ,शैक्षणिक जिला जांजगीर के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला तनौद में लगभग 13- 14 वर्षों से प्रभारी प्राचार्य ही काम करते आ रहे हैं. वर्तमान में कार्यरत प्रभारी प्राचार्य मनोज साहू की कार्यप्रणाली से पूरे स्टाफ तथा नागरिक, पालकगण ,छात्र-छात्राएं काफी असंतुष्ट हो चुके हैं .इसे देखते हुए उनका तबादला शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सलखन भी किया जा चुका है. किंतु मनोज साहू अपने स्थानांतरण के विरुद्ध स्थगन आदेश लेकर पुन: प्रभारी प्राचार्य के पद पर काबिज हो गए हैं. जबकि उन्हें व्याख्याता पद के विरुद्ध ही स्थगन आदेश प्राप्त हुआ है ना कि प्रभारी प्राचार्य के पद के विरुद्ध .उनकी इस कार्यप्रणाली से ब्लॉक तथा जिला शिक्षा अधिकारी काफी नाराज हो चले हैं. कुछ दिनों पहले प्रभारी प्राचार्य को हटाए जाने की शिकायत जांजगीर-चांपा जिले के अनुसूचित जाति वर्ग के जिलाध्यक्ष और कांग्रेसी नेता गजानंद जांगड़े से की गई. लोगों की नाराजगी को देखते हुए गजानन जांगड़े ने जिला शिक्षा अधिकारी जांजगीर को पत्र सौंपकर मनोज साहू को प्राचार्य पद के प्रभार से तुरंत ही हटाने की मांग की है, इस आशय का पत्र जांगड़े ने स्कूल शिक्षा मंत्री माननीय प्रेमसाय सिंह टेकाम को भी प्रेषित किया है जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया है. कि स्थानांतरण के विरुद्ध माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर से स्थगन आदेश प्राप्त मनोज साहू को उक्त शाला में पदस्थ करके तो रखा जाए किंतु उससे प्रभारी प्राचार्य के दायित्व से तुरंत ही हटा दिया जाए अन्यथा ग्राम तनौद और आसपास के लोगों का असंतोष बढ़ता ही चला जाएगा इस स्थिति को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी से अपेक्षा की गई है कि मनोज साहू को प्रभारी प्राचार्य के दायित्व से मुक्त करते हुए आसपास के किसी स्कूल के पूर्णकालिक प्राचार्य या अन्य किसी को तनौद का प्रभार सौंप दिया जावे
