शाह रुख खान और दीपिका पादुकोण की आगामी फिल्म ‘पठान’ के हाल ही में रिलीज हुए गाने ‘बेशरम रंग’ को लेकर विवाद थमने का नाम ही नहीं मिल रहा है। एक तरफ जहां इस गाने को देखने के बाद सोशल मीडिया पर शाह रुख खान(Shah Rukh Khan) और दीपिका की कड़ी आलोचना हो रही है और फिल्म को बायकॉट करने का ट्रेंड शुरू हो गया है, तो वही दूसरी तरफ मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी मेकर्स को ये चेतावनी दी कि इस फिल्म में दीपिका पादुकोण(Deepika Padukone) के कपड़ों को ठीक किया जाए, वरना वह इस फिल्म को मध्यप्रदेश में रिलीज नहीं होने देंगे। इस गाने के सामने आने के बाद फिल्म को लेकर विवाद अब बढ़ता ही जा रहा है। इंदौर में पठान (Pathaan)के विरोध में लोग सड़क पर उतर गए हैं और साथ ही इस फिल्म को बैन करने की मांग कर रहे हैं।
ये पूरा विवाद दीपिका पादुकोण के ‘बेशरम रंग’ में पहनी गई भगवा रंग की बिकिनी और गाने में दर्शाए गए दृश्यों को लेकर शुरू हुआ है। हिंदु महासभा के दीपिका पादुकोण के भगवा रंग की बिकिनी पहनने पर आपत्ति जताई है। इंदौर में शाह रुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘पठान’ के खिलाफ गुस्सा देखने को मिल रहा है। इंदौर में वीर शिवाजी ग्रुप ने दीपिका पादुकोण और शाह रुख खान के सड़क पर उतरकर पुतले फूंके हैं। कई सामाजिक कार्यकता सड़कों पर उतर गए हैं और इस फिल्म को बैन करने की मांग कर रहे हैं। वीर शिवाजी ग्रुप का कहना है कि फिल्म पठान में दीपिका पादुकोण और शाह रुख खान पर फिल्माया गया ‘बेशरम रंग’ गाना हिंदुओ की भावनाओं को आहत करता है।