दुर्ग। सप्ताह भर बाद मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। मौसम बदलते ही बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात दुर्ग-भिलाई में बारिश हुई। बारिश की वजह से दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट आई है।
वहीं रात का न्यूनतम तापमान बढ़ गया है। हालांकि शुक्रवार को आसमान खुला रहने की संभावना जताई गई है।
अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं की वजह से मौसम में एक बार फिर बदलाव आ गया है। बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात दुर्ग भिलाई सहित जिले के कई स्थानों पर बारिश हुई है।
कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्ग ब्लाक में दो मिमी, धमधा में 3.8 मिमी और पाटन ब्लाक में तीन मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है। बारिश का असर तापमान पर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को दुर्ग का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं बुधवार को दुर्ग का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।
इस लिहाज से एक ही दिन में अधिकतम तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है वहीं न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। रात का न्यूनतम तापमान बढ़ने से ठंड में कमी आएगी। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा। इसकी वजह से अधिकतम तापमान में आंशिक रूप से वृद्धि हो सकती है।
– मौसम बदलने के साथ ही जिले में हुई औसत तीन मिमी बारिश