रायपुर में सजा बाजार, होली में नमकीन महंगा, आटा-दाल के भाव स्थिर

रायपुर : खाद्य तेलों के साथ ही बेसन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब नमकीन में देखने को मिल रहा है। मिष्ठान भंडारों में नमकीन के भाव 20 रुपये किलो तक बढ़ गए हैं। 250 रुपये किलो तक बिकने वाले नमकीन-मिक्श्चर इन दिनों 270 रुपये किलो बिक रहे हैं।

दूसरी ओर पखवाड़े भर में ही खाद्य तेलों की कीमतों में 25 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो गई है। नमकीन की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे खाद्य तेलों के साथ ही बेसन की कीमतों में बढ़ोतरी है। कारोबारियों का कहना है कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के असर से ही खाद्य तेल महंगी हुई है। आने वाले दिनों में कीमतों में और तेजी आ सकती है।
उपभोक्ताओं के लिए राहत वाली बात यह भी कही जा सकती है कि आटा-दाल के भाव में स्थिरता है। साथ ही चावल की कीमतों में भी कोई तेजी नहीं है। कारोबारियों का कहना है कि इनकी मांग भी कमजोर है, आने वाले दिनों में गेहूं की कीमतों में और गिरावट के ही आसार हैं, इसकी नई फसल भी आने को है।
आलू-प्याज के दाम गिरे
आम उपभोक्ताओं के लिए राहत वाली बात है कि आलू-प्याज की कीमतों में गिरावट बनी हुई है। थोक में प्याज 12 से 15 रुपये किलो और आलू 13 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं चिल्हर में प्याज 25 रुपये किलो और आलू 20 रुपये किलो बिक रहा है। कारोबारियों का कहना है कि बाजार में मांग कम होने के कारण कीमतों में गिरावट है, आवक तो काफी अच्छी बनी हुई है।
बाजार में उमड़ी त्योहारी भीड़
बाजार में इन दिनों होली की खुमारी छाने लगी है, किराना सामग्री के साथ ही होली की खरीदारी बढ़ने लगी है। मालवीय रोड, गोलबाजार में लोगों की जबरदस्त भीड़ बनी हुई है, साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पिचकारियों व रंग-गुलाल के स्टाल लग गए हैं।
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *