बांस पेड़ में मिली लाश, हत्या या आत्महत्या जांच जारी

कोरबा। होली के दिन बुधवार से लापता एक युवक का शव गुरुवार को पेड़ से लटका मिला। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवक की पहचान 18 वर्षीय मनीष कंवर, पिता धुल सिंह कंवर के रूप में हुई है। उसका शव कुसमुंडा थाना क्षेत्र के सुराकछार और आनंद नगर के बीच, नदी किनारे एक बांस के पेड़ से लटका हुआ पाया गया। जानकारी के अनुसार, मनीष बुधवार दोपहर को होली खेलने के लिए घर से निकला था।

देर रात तक उसके घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान, घर से थोड़ी दूर खोलार नदी के किनारे लगे बांस के विशाल पेड़ पर मनीष का शव लाल रंग के गमछे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची। शव के लटकने की स्थिति को देखकर परिजन और स्थानीय लोग हत्या की आशंका जता रहे थे। इसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गहनता से जांच करने की बात कही है।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि मनीष घर से होली खेलने निकला था और उन्हें लगा था कि वह दोस्तों के साथ खेलकर वापस लौट आएगा। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह नहीं लौटा, तो दोस्तों और अन्य परिजनों से संपर्क किया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। गुरुवार सुबह उन्हें घटना की जानकारी मिली। मृतक मनीष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कुसमुंडा थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं और सभी संभावित पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *