बिलासपुर। जिले में कोरोना वायरस बेकाबू हो चुका है। गुस्र्वार को 310 नए मरीजों की पहचान की गई। वहीं एक संक्रमित की जान चली गई है। एक पीड़ित की अपोलो हास्पिटल में मौत हुई है। शहर के कई इलाकों में सामुदायिक संक्रमण का खतरा है। नेहरू नगर, सरकंडा, राजकिशोर नगर, रेलवे परिक्षेत्र, सरकंडा में सबसे ज्यादा मरीज मिल रहे हैं।
कोरोना वायरस को लेकर फिर से डर का माहौल बन गया है। बीते 27 दिसंबर से लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। खासतौर से शहर में हालत गंभीर हैं। मौजूदा स्थिति में शहर का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं बचा है, जहां कोरोना के मरीज न हों। कई मोहल्लों में संक्रमितों की संख्या 20 से 25 हो चुकी है।
जहां परिवार के परिवार संक्रमित हो रहे हैं। संख्या बढ़ने के बाद भी इन क्षेत्रों के रहवासी कोरोना के दिशा-निर्देश का पालन नहीं कर रहे हैं। इसकी वजह से संक्रमण फैल रहा है। आगे भी इसी तरह की स्थिति बनी रही तो सामुदायिक संक्रमण से इन्कार नहीं किया जा सकता। हालांकिऐसे क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम को सक्रिय कर दिया गया है। लक्षण वाले संदिग्धों को खोजने के साथ सैंपलिंग की जा रही है।