बिलासपुर। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम ने अभियान छेड़ दिया है। टीम प्लास्टिक व पालिथिन जब्त कर रही है। वही नगर निगम आयुक्त ने दुकानदारों को अंतिम चेतावनी दी है कि वे प्लास्टिक का उपयोग न करें। अन्यथा सीधे जुर्माने की कार्रवाई के साथ प्लास्टिक भी जब्त किया जाएगा।
मालूम हो नगर निगम की टीम ने फरवरी से लेकर मौजूदा स्थिति तक कार्रवाई करते हुए 25 किलो प्लास्टिक जब्त किया है। साथ ही अब तक 62 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है। इसके बाद भी दुकानदार प्लास्टिक का उपयोग बंद नहीं कर रहे है। ग्राहकों को प्लास्टिक की बनी थैलियों में ही सामान दे रहे है।
वहीं अब इसे नगर निगम प्रबंधन ने गंभीरता से ले लिया है। निगम आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी ने टीम को साफ निर्देशित किया है कि दुकानदारों को दो से तीन दिन का समय दिया जाए, ताकि इस अवधि में वे प्लास्टिक थैलियों का उपयोग बंद कर दे। इसके बाद इन थैलियों का उपयोग करने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जाए। कार्रवाई के दौरान बिना समझाइश दिए ही जुर्माना वसूला जाए साथ ही प्लास्टिक जब्ती करे।
वहीं अब आने वाले एक दो दिन के भीतर ही टीम प्लास्टिक को बाजार से हटाने के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई करेगी। वही निगम आयुक्त ने शहरवासियों को यह भी सलाह दिया है कि वे कपड़े व जूट के बनी थैलियों का उपयोग करे, इससे अपने आप ही प्लास्टिक थैलियों का चलन बाहर हो जाएगा और प्लास्टिक के दुष्परिणाम भी सामने नहीं आएंगे।
दुकानदार अब भी बेच रहे प्लास्टिक
थोक में प्लास्टिक की थैलियां बचने वाले दुकानदार भी अब भी खूलेतौर पर प्लास्टिक की बनी थैलियों को बेच रहे हैं। गोलबाजार, बुधवारी बाजार, व्यापार विहार में इनकी थोक की दुकान हैं, जो दुकानदारों को प्लास्टिक थैलियां उपलब्ध करा रहे हैं। जिन पर अब तक किसी भी प्रकार से कार्रवाई नहीं की गई है।