दुर्ग। जिले में कोरोना की संक्रमण दर में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। लेकिन कोरोना से होने वाली मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रही है। कोरोना से होने वाली मौतों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना से होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने गंभीर मरीजों का बेहतर इलाज करने निर्देशित किया गया है।
जिला स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को जिले में 2359 लोगों की कोरोना जांच की गई। जिसमें 91 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इस लिहाज से बुधवार को जिले में कोरोना का संक्रमण दर 3.85 फीसद रहा। वहीं कोरोना से स्वस्थ्य होने वाले मरीजों की संख्या भी अच्छी है। बुधवार को पुराने संक्रमितों में से 288 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। लेकिन कोरोना से होने वाली मौतों का सिलसिला अभी भी जारी है।
बुधवार को भी जिले में कोरोना से तीन लोगों की मौत हुई है। उल्लेखनीय है कि जिले में जनवरी महीने से कोरोना की तीसरी लहर आने के बाद इससे होने वाली मौतों का सिलसिला निरंतर जारी है। जो अब तक थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा.गंभीर सिंह ठाकुर ने कहा है कि जिले में भले ही कोरोना का संक्रमण दर कम हो रहा है लेकिन इससे बचाव के लिए लोगों को एहतियात बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोगों को मास्क पहनकर ही घर से बाहर निकलना चाहिए और भीड़ भरे स्थानों पर जाने से बचना चाहिए।