बिलासपुर। शहर समेत जिले में कोरोना संक्रमण लगातार कम होता जा रहा है। सोमवार को सिर्फ 26 नए मरीज मिले हैं। इसे तीसरी लहर के जाने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों का भी मानना है कि मौत का आंकड़ा शून्य पर है और नया मामला भी कम है। आने वाले दिनों में जिलेवासी सावधानी बरतेंगे और गाइडलाइन का पालन करेंगे तो बहुत जल्द ही जिला कोरोना मुक्त हो जाएगा।
सोमवार को 2,289 की कोरोना जांच की गई है और 26 नए मरीज मिले हैं। एक बड़ी राहत की बात यह है कि अब ग्रामीण क्षेत्र की तरह ही शहरी क्षेत्र भी सुरक्षा के दायरे में चुका है। लगातार संख्या कम हो रही है। हेमू नगर, तिलक नगर, रामा लाइफ सिटी, जरहाभाठा, सिरगिट्टी, राजकिशोर नगर, जोरापारा सहित अन्य इलाकों में मरीज मिले हैं। फरवरी अंत तक महामारी पूरी तरह नियंत्रण में आ जाएगी। उन्होंने अभी भी कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की समझाइश दी है।
टीकाकरण का है असर
अब स्वास्थ्य विभाग के साथ ही लोग भी यह मान चुके हैं कि कोरोना टीकाकरण अभियान की वजह से महामारी का घातक असर कम हुआ है। तेजी से टीकाकरण होने की वजह से ही कोरोना की तीसरी लहर अपना असर नहीं दिखा सकी है। वजह यह कि टीका लगवाने वाले भी कोरोना की चपेट में तो आए हैं, लेकिन इस बार वे आसानी से ठीक हो गए।