रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश में कोरोना की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। राजधानी रायपुर में सर्वाधिक 2,020 समेत राज्य में कुल 6,015 कोरोना संक्रमित हुए हैं। वहीं सात लोगों की मौत हुई है। राजधानी में डीएसपी, एसआइ समेत 20 पुलिसकर्मी पाजिटिव आए हैं। संदेह के आधार पर 100 से अधिक पुलिस कर्मियों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।
इधर दुर्ग जिले में विधायक देवेंद्र यादव, विद्यारतन भसीन, भिलाई नगर महापौर नीरज पाल संक्रमित हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दुर्ग में 673, कोरबा में 520, बिलासपुर में 459, रायगढ़ में 454, जांजगीर-चांपा में 281 समेत अन्य जिलों में संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों की मानें तो समुदाय में संक्रमण पूरी तरह फैल चुका है। इसे लेकर राज्य में अलर्ट भी जारी कर दिया गया है।
9.51 फीसद जा पहुंचा पाजिटिविटी दर
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में 9.51 फीसद पाजिटिविटी दर जा पहुंचा है। एक दिन में 63,221 सैंपल जांचे गए हैं। वहीं राज्य भर में 28,797 कोरोना के मरीज सक्रिय हैं। हालांकि अस्पताल में भर्ती हुए मरीजों की संख्या 200 के करीब ही है। कोरोना के सर्वाधिक मामले आने के साथ ही रायपुर जिला प्रदेश का हाटस्पाट बन गया है। जहां लगातार सर्वाधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं। यहां पर 8553 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है।