दुर्ग। पांचवे दिन मौसम खुलने के साथ ही ठंड बढ़ गई है। रात ही नहीं सुबह के समय भी आसमान पर धुंध छाया रहा। रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है वहीं दिन का अधिकतम तापमान बढ़ गया है।
आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि जिले में सोमवार शाम से मौसम का मिजाज बदल गया था। सोमवार को आसमान पर बादल छाने के साथ ही हल्की बूंदा-बांदी हुई थी।
मंगलवार और बुधवार को तेज बारिश हुई। हालाकि बुधवार दोपहर बाद वर्षा थम गई और गुरुवार को भी पानी नहीं गिरा। लेकिन इस अवधि में जिले में रिकार्ड डेढ़ सौ मिमी से अधिक बारिश हो चुकी थी। शुक्रवार को पांचवे दिन मौसम पूरी तरह खुल गया। शुक्रवार सुबह धूप निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली लेकिन इसके साथ ही ठंड भी शुरू हो गई।
शुक्रवार सुबह आसमान में धुंध भी छाया रहा। सुबह 10 बजे तक लोगों को ठंड का अहसास होता रहा। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दुर्ग का अधिकतम तापमान 24.6 और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। जबकि गुरुवार को दुर्ग का अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
इस लिहाज से एक ही दिन में न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है वहीं अधिकतम तापमान में 5.2 डिग्री सेल्सियस वृद्धि दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के साथ ही रात में ठंड बढ़ गई है।
रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना