रायपुर-बिलासपुर शहर में ठंड की ठिठुरन, दिन में भी गरम कपड़े पहन रहे लोग

रायपुर/बिलासपुर। रायपुर और बिलासपुर शहर में अब रात के साथ ही दिन भी ठंड सताने लगी है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान एक डिग्री चढ़ा, जिसके बाद भी ठंड की ठिठुरन कम नहीं हुई। वहीं, अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने से दोपहर में भी ठंड महसूस होने लगी है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का तापमान 26.4 डिग्री पर रहा, जो सामान्य से नीचे है। इससे पहले गुरुवार की रात पारा 11 डिग्री तक गिर चुका था। शुक्रवार को सर्द हवाओं के कारण दिन में भी शीतलहर जैसी स्थिति बनने लगी है।

इसके चलते लोग दोपहर की धूप में भी गर्म कपड़े पहने नजर आए। सुबह से लेकर शाम तक ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़ों में कैद रखा। सुबह से स्कूली बच्चों और आफिस जाने वालों को सर्द हवाओं से जूझना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर सहित प्रदेश में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है। उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं का आगमन लगातार जारी है। 14 दिसंबर को प्रदेश में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। इस अवधि में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बिलासपुर जिले में भी शीतलहर जैसी ठंड और तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *